होटल-रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, मीट-बेकरी से लेकर स्वीट्स तक बिक्री पर रोक!
लाइसेंस में नहीं थीं कई खाद्य श्रेणियां, फिर भी चल रहा था कारोबार; 13 नमूने जांच को भेजे, करीब 5 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट
हरिद्वार विशेष संवाददाता | आसिफ खान
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर होटल-रेस्टोरेंट, डेयरी, किराना प्रतिष्ठानों और नमकीन निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि मौके पर खराब और अनुपयोगी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
लाइसेंस एक, कारोबार कई तरह का!
विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान सामने आया कि प्रतिष्ठान के पास होटल गतिविधियों का लाइसेंस था, लेकिन उसी लाइसेंस के आधार पर रेस्टोरेंट का संचालन भी किया जा रहा था। विभाग के मुताबिक लाइसेंस में कई खाद्य श्रेणियां दर्ज नहीं थीं, इसके बावजूद संबंधित खाद्य उत्पादों का निर्माण और बिक्री की जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और ऑडिट से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। किचन की व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। विभाग के अनुसार शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग सेक्शन की व्यवस्था नहीं पाई गई।
मीट, स्वीट्स और बेकरी पर तत्काल रोक
कमियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मीट एवं मीट उत्पाद, इंडियन स्वीट्स और बेकरी उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी। मौके से पनीर, हनी और कुल्चा के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर समेत करीब 5 किलो खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
डेयरियों और नमकीन इकाइयों पर भी नजर
अभियान सिर्फ एक प्रतिष्ठान तक सीमित नहीं रहा। लक्सर और हरिद्वार शहर में भी डेयरियों, किराना दुकानों और नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। यहां से दूध, पनीर, देसी घी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कई प्रतिष्ठानों में लाइसेंस और स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
अब प्रयोगशाला रिपोर्ट पर नजर
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद अब लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी। वहीं, निरीक्षण में सामने आई कमियों को तय समयसीमा में दूर नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।