झबरेड़ा की सियासत में बड़ा उलटफेर करने की तैयारी! 12 नवंबर को लाठरदेवा में जन निर्माण पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, सैकड़ों लोगों के शामिल होने का दावा!
सुनील पटेल के ऐलान से गरमाया राजनीतिक माहौल, सोनिया शर्मा और विधायक उमेश कुमार की मौजूदगी में जुटेगा जनसैलाब; मौजूदा जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जलभराव की समस्या को बनाया चुनावी मुद्दा!
**रूडकी संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की।** झबरेड़ा विधानसभा की सियासत में अब नई हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में जन निर्माण पार्टी (जेएनपी) ने भी क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने के लिए कमर कस ली है। आगामी 12 नवंबर को लाठरदेवा में होने वाली विशाल जनसभा को पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी से जुड़े नेताओं का दावा है कि इस जनसभा में सैकड़ों लोग जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक समीकरणों में नई हलचल पैदा करेंगे। यदि यह दावा जमीन पर उतरता है तो झबरेड़ा विधानसभा की राजनीति में नए राजनीतिक विकल्प को लेकर चर्चाएं तेज होना तय है।
प्रेस क्लब कार्यालय रुड़की में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सुनील पटेल ने 12 नवंबर की जनसभा को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि लाठरदेवा में दोपहर 12 बजे विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा और खानपुर विधायक उमेश कुमार मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनसभा में क्षेत्र के सैकड़ों लोग पार्टी से जुड़ेंगे और पार्टी की ताकत को नई मजबूती मिलेगी।
सुनील पटेल ने क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों और विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने वर्षों से विकास की उम्मीदें पाल रखी हैं, लेकिन आज भी क्षेत्र के लोगों को बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। जलभराव जैसी गंभीर समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। बरसात के दिनों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता अपने जनप्रतिनिधियों को चुनकर विधानसभा और सत्ता के गलियारों तक पहुंचाती है, तो फिर जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जाते?
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर विकास और समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। जन निर्माण पार्टी क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
सुनील पटेल ने आगे कहा कि यदि पार्टी उन पर भरोसा जताती है और जनता का समर्थन मिलता है तो उनकी पहली प्राथमिकता जलभराव की गंभीर समस्या का निराकरण कराना होगा। क्षेत्र की जनता को वर्षों से जिस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, उसे अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच यदि आम आदमी को जलभराव जैसी समस्या से राहत नहीं मिल रही, तो ऐसे विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पूर्व प्रधान तबरेज आलम ने भी भरी हुंकार
वहीं पूर्व प्रधान तबरेज आलम ने भी जन निर्माण पार्टी की मजबूती का दावा करते हुए कहा कि झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की मजबूत टीम तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और रणनीति के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जनता बदलाव और विकास की राजनीति चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में जन निर्माण पार्टी का प्रत्याशी भारी मतों से जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का बढ़ता जनाधार आने वाले समय में दूसरे राजनीतिक दलों के सामने बड़ी चुनौती पेश करेगा।
निर्देश पालीवाल ने किया जनसभा में पहुंचने का आह्वान
इस दौरान निर्देश पालीवाल ने भी 12 नवंबर की जनसभा को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि लाठरदेवा में होने वाली यह जनसभा ऐतिहासिक होने जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनसभा को सफल बनाने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
12 नवंबर को लाठरदेवा से उठेगी सियासी बदलाव की आवाज!
झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में जन निर्माण पार्टी की सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दे दी है। एक ओर सैकड़ों लोगों के पार्टी में शामिल होने का दावा किया जा रहा है, तो दूसरी ओर क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में 12 नवंबर की लाठरदेवा जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि इसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ताकत, संगठन और जनसमर्थन की पहली बड़ी परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।
अब सवाल यह है कि क्या जन निर्माण पार्टी लाठरदेवा की इस जनसभा के जरिए झबरेड़ा विधानसभा में अपनी मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार कर पाएगी? क्या सैकड़ों लोगों की प्रस्तावित जॉइनिंग क्षेत्र के चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगी? इन सभी सवालों का जवाब 12 नवंबर को होने वाली जनसभा में सामने आएगा।