ब्रेकिंग
ब्रेकिंग वीडियो हरिद्वार

खानपुर में चैंपियन का सियासी विस्फोट! उमेश कुमार पर दागे तीखे सवाल, बोले– मूर्तियों-पेंटिंग से नहीं, विकास के कामों से मिलता है जनता का भरोसा!

दो पुलों की स्वीकृति को बताया अपनी मेहनत का नतीजा, डिग्री कॉलेज, बिजलीघर, बांध और रोजगार पर विधायक को घेरा; खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से चुनाव लड़ने का ऐलान कर बढ़ाई सियासी सरगर्मी!

हरिद्वार/रूडकी विशेष संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की/खानपुर। दीपावली के मौके पर खानपुर की सियासत में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने ऐसा राजनीतिक बयान दिया है, जिससे क्षेत्र का सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है। चैंपियन ने खानपुर विधायक उमेश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए उनके विकास कार्यों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने बिना नाम लिए नहीं, बल्कि खुलकर विधायक को निशाने पर लेते हुए सवाल किया कि आखिर खानपुर की जनता को मूर्तियों, पेंटिंग और दिखावे की राजनीति से क्या हासिल हो रहा है? जनता को सजावटी काम नहीं, बल्कि डिग्री कॉलेज, बिजलीघर, बांध की मरम्मत, सरकारी ट्यूबवेल, मंडी विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार चाहिए।

चैंपियन ने अपने तेवर दिखाते हुए कहा कि आज उनके पास भले ही कोई संवैधानिक पद नहीं है, लेकिन जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने खुद को क्षेत्र की जनता का मुख्य सेवक बताते हुए दावा किया कि बिना किसी पद और सरकारी कुर्सी के भी वह विकास कार्यों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके बयान से साफ संकेत मिला कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले खानपुर की राजनीति में विकास बनाम राजनीतिक दावों की लड़ाई तेज होने वाली है।

दो पुलों की स्वीकृति का श्रेय अपनी पैरवी को दिया, मुख्यमंत्री का जताया आभार

चैंपियन ने गिद्दावाली में बाणगंगा घाट और ढाडेकी में सोलानी नदी पर पुल निर्माण को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोनों पुलों की घोषणा कराई गई थी। इसके बाद शासनादेश जारी कराने, प्राक्कलन तैयार कराने और तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर फाइलों को आगे बढ़वाने के लिए लगातार पैरवी की गई।

उन्होंने बताया कि दो दिन पहले लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर दोनों पुलों की फाइलों को आगे बढ़ाने की मांग रखी थी। इसके बाद दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी। चैंपियन ने कहा कि यह खादर क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है और जल्द ही निर्माण कार्य की पहली किश्त जारी होने की उम्मीद है।

विधायक से सीधा सवाल– आखिर कहां हैं डिग्री कॉलेज, बिजलीघर और रोजगार के बड़े वादे?

चैंपियन ने उमेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि खानपुर विधानसभा की असली जरूरतों पर गंभीरता से काम होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि डिग्री कॉलेज, बिजलीघर, बांध की मरम्मत, सरकारी ट्यूबवेल और मंडी विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे आज भी जवाब मांग रहे हैं।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मूर्तियां लगवाने और दीवारों पर पेंटिंग कराने से क्षेत्र की तस्वीर नहीं बदलती। असली विकास तब होता है, जब गांवों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें, किसानों को सिंचाई मिले, युवाओं को रोजगार मिले और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े।

चैंपियन के इस बयान ने सीधे तौर पर खानपुर विधायक के सामने विकास कार्यों का हिसाब देने का राजनीतिक सवाल खड़ा कर दिया है।

आठ साल की मेहनत का हवाला, सिडकुल और हजारों नौकरियों का दावा

रोजगार के मुद्दे पर चैंपियन ने अपने पुराने प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि खानपुर क्षेत्र में सिडकुल लाने के लिए उन्होंने करीब आठ वर्षों तक मेहनत की। बिरला टायर फैक्ट्री का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके प्रयासों से हजारों युवाओं को रोजगार मिला था।

उन्होंने कहा कि खानपुर में बड़ी औद्योगिक फैक्ट्री स्थापित कराना और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चीनी मिल और लंढौरा में डिग्री कॉलेज स्थापित कराने के पुराने वादों पर भी सवाल उठाए।

अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए चैंपियन ने कहा कि लंढौरा में इंटर कॉलेज बनवाया गया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत कराया गया और होम्योपैथिक अस्पताल स्थापित कराया गया। उन्होंने 132 केवी बिजलीघर की अपनी पुरानी योजना का भी जिक्र किया।

खानपुर ही नहीं, लक्सर में भी चुनावी ताल ठोकेंगे चैंपियन!

चैंपियन ने अपने राजनीतिक बयान का सबसे बड़ा दांव चलते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी ने टिकट दिया तो पार्टी के साथ चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे।

उमेश कुमार को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि वह खानपुर से चुनाव लड़ने का दम रखते हैं और जनता के बीच अपनी राजनीतिक ताकत साबित करेंगे। चैंपियन ने पिछले चुनाव का हवाला देते हुए 30 हजार वोटों से हराने का दावा किया और आगामी चुनाव में 45 से 46 हजार वोटों से हराने की बात कही।

उनका यह ऐलान केवल चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं, बल्कि खानपुर और लक्सर की राजनीति में अपनी सक्रियता का खुला संदेश भी है। अब देखना होगा कि इस चुनौती पर विधायक उमेश कुमार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

61 साल का जवान बताकर दिखाई राजनीतिक सक्रियता, हर मुद्दे पर बहस की चुनौती

अपने चिरपरिचित अंदाज में चैंपियन ने खुद को 61 साल का जवान बताते हुए कहा कि वह आज भी पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने उमेश कुमार को राजनीतिक, शैक्षणिक और अन्य विषयों पर खुली बहस की चुनौती भी दी। उनका कहना था कि क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर वह किसी भी मंच पर चर्चा करने को तैयार हैं।

कुल मिलाकर दीपावली पर चैंपियन ने दो पुलों की स्वीकृति का मुद्दा उठाने के साथ ही खानपुर की राजनीति में आगामी चुनाव का एजेंडा भी सामने रख दिया। एक तरफ उन्होंने अपने पुराने कार्यों और नए विकास के दावों को गिनाया, तो दूसरी तरफ उमेश कुमार के सामने क्षेत्र के बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने की राजनीतिक चुनौती रख दी। अब खानपुर की सियासत में सवाल यही है कि विकास के दावों, पुराने कामों और चुनावी चुनौतियों के बीच जनता किससे क्या हिसाब मांगती है।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185