बहादराबाद में कल लगेगा बहुउद्देशीय शिविर
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ में एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
बहादराबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। विकास खंड बहादराबाद में 22 सितंबर 2026 को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे तथा ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर में आमजन की समस्याओं को मौके पर ही सुनने और उनके त्वरित समाधान पर विशेष जोर रहेगा। विभिन्न विभागों से संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर ग्रामीणों की शिकायतों का निस्तारण करेंगे, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनहितकारी योजनाओं को सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना और क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाएं, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी मौके पर पूरी की जाएगी।
उन्होंने बहादराबाद विकासखंड क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है, ताकि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं का संबंधित अधिकारियों से मौके पर समाधान करा सकें।