ब्रेकिंग
ब्रेकिंग शासन प्रशासन

02 अक्टूबर को हरिद्वार में गूंजेगा गांधी-शास्त्री के विचारों का संदेश!

ध्वजारोहण से लेकर स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता तक होंगे विविध कार्यक्रम

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार जनपद में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सुबह 8 बजे सरकारी भवनों पर फहरेगा तिरंगा जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार सभी राजकीय भवनों पर सुबह 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। कार्यक्रमों में दोनों महापुरुषों के जीवन-संघर्ष, देशसेवा, त्याग और जीवन-मूल्यों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर विद्यालयों एवं कॉलेजों में गांधी जी के जीवन और विचारों पर व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं एवं गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। सामाजिक समरसता, जातिगत भेदभाव समाप्त करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए भी जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा बनेगा प्रमुख मुद्दा 02 अक्टूबर के कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा पर विशेष फोकस रहेगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा घरेलू हिंसा के खिलाफ सामाजिक चेतना पैदा करने के लिए अभियान चलाए जाएंगे।

स्वच्छता-साक्षरता से लेकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से प्रौढ़ शिक्षा, साक्षरता, स्वच्छता तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन का जोर इन अभियानों को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर रहेगा।

उत्तराखंड में गांधी के प्रभाव की भी होगी चर्चा कार्यक्रमों में स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी की भूमिका तथा उत्तराखंड में गांधी जी के विचारों और आंदोलनों के प्रभाव पर भी प्रकाश डाला जाएगा। नमक सत्याग्रह, स्वदेशी आंदोलन और व्यक्तिगत सत्याग्रह सहित स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का संदेश कार्यक्रमों के माध्यम से प्रेम, सद्भावना, भाईचारा, नैतिकता, मितव्ययिता और सर्वधर्म समभाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। धर्म, जाति, रंग और भाषा के आधार पर भेदभाव को समाप्त कर आपसी सहयोग एवं सामाजिक एकता मजबूत करने के लिए जनसहभागिता बढ़ाई जाएगी।

खादी और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की तैयारी गांधी जी के स्वदेशी विचारों से जुड़े खादी, लघु एवं कुटीर उद्योगों के विकास और प्रोत्साहन पर भी विशेष प्रकाश डाला जाएगा। स्थानीय स्तर पर ऐसे उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा लोगों को उनसे जोड़ने के लिए विभागीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 02 अक्टूबर के सभी कार्यक्रम शासन की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी गंभीरता और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। प्रशासन का उद्देश्य गांधी और शास्त्री के विचारों को केवल समारोह तक सीमित रखने के बजाय स्वच्छता, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, साक्षरता, नशामुक्ति और राष्ट्रसेवा जैसे विषयों से आमजन को जोड़ना है।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185