ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पर फायरिंग का बड़ा खुलासा

मेले के विवाद की रंजिश में चली गोली! 19 वर्षीय आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार गंगनहर पुलिस ने खोला राज, 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद

रुड़की संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की। पनियाला-चंदापुर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता विशाल पर हुई फायरिंग के मामले में गंगनहर पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे मेले में हुआ विवाद और उसके बाद पैदा हुई रंजिश वजह रही। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिब पुत्र दिलदारा, निवासी पनियाला चंदापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

मेले में विवाद से शुरू हुई रंजिश, सड़क पर चला दी गोली

गंगनहर कोतवाली में पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी देहात अभय सिंह ने मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को मेले में विशाल और आरोपी के भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ने की बात सामने आई।

पुलिस का कहना है कि 30 सितंबर को विशाल अपनी गाड़ी से जा रहा था। रास्ते में चाउमीन का ठेला होने के कारण उसकी गाड़ी की रफ्तार धीमी हुई। इसी दौरान आरोपी मौके पर पहुंचा और कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना तंत्र सक्रिय, आरोपी तमंचे के साथ दबोचा

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिब को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई।

फायरिंग के बाद मचा था हड़कंप

हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पर फायरिंग की घटना के बाद पनियाला-चंदापुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अब आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद होने के बाद पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग की घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185