ब्रेकिंग
ब्रेकिंग आस्था धार्मिक

रामलीला में उमड़ा आस्था का सैलाब! अंगद की ललकार से गूंजा पंडाल, रामसेतु निर्माण ने मोहा मन

देवभूमि आदर्श सोसाइटी की 11 दिवसीय डिजिटल रामलीला के नौवें दिन उमड़ा रामभक्तों का हुजूम, अंगद-रावण संवाद के सजीव मंचन ने बांधा समां

रूडकी संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की। देवभूमि आदर्श सोसाइटी की ओर से आयोजित 11 दिवसीय भव्य डिजिटल रामलीला के नौवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा पंडाल रामभक्तों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठा। भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबे दर्शकों ने समुद्र पर रामसेतु निर्माण और अंगद-रावण संवाद के प्रभावशाली मंचन का आनंद लिया। कलाकारों की शानदार अदाकारी और सजीव प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया, वहीं अंगद की निर्भीक ललकार और रावण के अहंकार से जुड़े प्रसंगों ने धर्म, सत्य और मर्यादा की शक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मेयर गौरव गोयल और भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने आचार्य के सानिध्य में भगवान श्रीराम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर एवं महाआरती के साथ किया। इस दौरान रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया।

रामायण का संदेश समाज को जोड़ने का माध्यम : गौरव गोयल

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की आदर्श पद्धति और समाज को सही दिशा दिखाने वाला महान संदेश है। भगवान श्रीराम का जीवन प्रेम, सद्भाव, त्याग और मर्यादा की प्रेरणा देता है। रामायण का मूल उद्देश्य जन-जन में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करना तथा समाज में जातीय विभाजन जैसी दूरियों को समाप्त करना है। प्रभु श्रीराम के आदर्श आज भी पूरे विश्व के लिए कल्याणकारी हैं।

सनातन संस्कृति और संस्कारों को मजबूती दे रहे धार्मिक आयोजन

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम के पावन चरित्र का प्रचार-प्रसार करना सनातन धर्म की सेवा के समान है। इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को मर्यादा, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

आठ वर्षों से सनातन धर्म की सेवा में जुटी है सोसाइटी

वार्ड पार्षद एवं रामलीला संचालक सचिन कश्यप ने सभी अतिथियों और रामभक्तों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि आदर्श सोसाइटी पिछले आठ वर्षों से निरंतर सेवा भाव के साथ सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में जुटी हुई है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति और सोसाइटी के सभी सदस्यों के समर्पण एवं सहयोग की सराहना की।

रामलीला समिति के अध्यक्ष आदित्य तोमर और कोषाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि इस वर्ष 11 दिवसीय रामलीला को लेकर सोसाइटी के सदस्यों और रामभक्तों में विशेष उत्साह है। प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता आयोजन को भव्यता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना और भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में श्रीराज कश्यप, राजेश, चौधरी मयंक, आशीष कश्यप, प्रदीप चौहान, निखिल वर्मा, प्रदीप, अभिषेक, अनमोल, अंकित, मयंक कुमार, अनुज सैनी और विपिन सहित देवभूमि आदर्श सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185