ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

उत्तराखंड में सियासी हिस्सेदारी की मांग तेज, त्यागी-ब्राह्मण समाज ने भरी हुंकार!

मांगेराम त्यागी बोले—मैदानी समाज को मिले सत्ता में बराबर का अधिकार, देहरादून में जल्द होगी महापंचायत!

हरिद्वार/रूडकी संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की । उत्तराखंड की सियासत में सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक भागीदारी को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद होने लगी है। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति की ओर से रुड़की नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी का सम्मान किया गया। इस दौरान समाज की एकजुटता के साथ राजनीतिक अधिकारों और सत्ता में उचित भागीदारी को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने उत्तराखंड में त्यागी अथवा ब्राह्मण समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों के लोगों को भी सरकार में समान भागीदारी और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। समाज के लोगों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सामाजिक एकता ही राजनीतिक ताकत का आधार है और जब तक समाज एक मंच पर नहीं आएगा, तब तक उसकी मांगों को मजबूती नहीं मिल पाएगी।

देहरादून में महापंचायत का ऐलान, युवाओं को विधानसभा तक पहुंचाने की तैयारी

मांगेराम त्यागी ने घोषणा की कि जल्द ही देहरादून में समिति की ओर से महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत के माध्यम से समाज की राजनीतिक भागीदारी और विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने चीनू पंडित जैसे युवाओं को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए समाज के लोगों से एक मंच पर आने की अपील की।

उन्होंने ब्राह्मण और त्यागी समाज के उत्पीड़न पर भी विरोध जताया। साथ ही विधायकों और मंत्रियों की पेंशन बंद कर पत्रकारों को वेतन देने की मांग उठाते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आवाज हैं और उनके हितों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

सामाजिक एकता के साथ युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम संयोजक विनीत शर्मा उर्फ चीनू पंडित ने समाज की एकजुटता और युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए आपसी भाईचारे, सहयोग और एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष अंशुल त्यागी और पार्षद अनुराग त्यागी ने किया। इस अवसर पर समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उठी राजनीतिक भागीदारी की मांग और देहरादून महापंचायत के ऐलान ने उत्तराखंड में समाज की सियासी सक्रियता को लेकर नई हलचल पैदा कर दी है।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185