गंगनहर में कूदा युवक, जलवीर ने जान पर खेलकर बचाई जान!
परिजनों से विवाद के बाद घर से निकला था युवक, सोलानी पार्क के पास अचानक नहर में लगाई छलांग डूबते युवक को देखकर मौके पर मचा हड़कंप, जलवीर ने नहर में उतरकर पकड़ा; रस्सी के सहारे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला
रूडकी संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। कोतवाली रुड़की क्षेत्र में बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सोलानी पार्क के पास एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया। युवक को तेज बहाव में डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसी बीच मौके पर मौजूद जलवीर मोनू ने बिना अपनी जान की परवाह किए गंगनहर में छलांग लगा दी और डूब रहे युवक को पकड़ लिया। जलवीर की तत्परता से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र निवासी युवक का बृहस्पतिवार को किसी बात को लेकर अपने परिजनों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह घर से निकल आया और रुड़की के सोलानी पार्क क्षेत्र में पहुंच गया। दोपहर करीब एक बजे युवक अचानक गंगनहर के किनारे पहुंचा और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। नहर में गिरते ही युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूबने लगा।
युवक को पानी में संघर्ष करते देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि तेज बहाव वाली गंगनहर में उतरकर युवक को कैसे बचाया जाए। इसी दौरान जलवीर मोनू ने हिम्मत दिखाई और अपनी जान जोखिम में डालते हुए नहर में उतर गया। उसने डूब रहे युवक तक पहुंचकर उसे पकड़ लिया और काफी मशक्कत के बाद नहर किनारे की ओर ले आया।
रस्सी के सहारे दोनों को निकाला बाहर
नहर में युवक को पकड़ने के बाद जलवीर भी तेज बहाव के बीच फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल रस्सी की मदद से दोनों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने रस्सी के सहारे दोनों को सुरक्षित नहर से बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में जलवीर युवक को पकड़कर नहर के किनारे लाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर मौजूद लोग रस्सी के सहारे दोनों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रुड़की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस ने युवक से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार युवक को बाद में उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों से विवाद के बाद युवक के घर से निकलने की बात सामने आई है।
एक पल की बहादुरी ने बचा ली जिंदगी
गंगनहर में तेज बहाव के बीच युवक को डूबता देखकर जिस तरह जलवीर मोनू ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में उतरकर उसे बचाया, उसकी मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। यदि समय रहते युवक को नहर से बाहर नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। जलवीर की सूझबूझ और तत्परता से एक युवक की जिंदगी बच गई।
पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद की स्थिति में किसी भी तरह का आत्मघाती कदम न उठाएं। परेशानी की स्थिति में परिजनों, मित्रों या पुलिस से मदद लें। गंगनहर जैसे तेज बहाव वाले स्थानों पर किसी भी परिस्थिति में जोखिम उठाना जानलेवा साबित हो सकता है।