हरिद्वार में स्वच्छता का महाअभियान, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा सफाई का महासंकल्प
गली-मोहल्लों से लेकर घाटों, बाजारों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान घर-घर कचरा पृथक्करण से प्लास्टिक उन्मूलन तक जनभागीदारी पर जोर, सफाई मित्रों का होगा सम्मान
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए “स्वच्छता ही सेवा–2026” अभियान का व्यापक आगाज हो चुका है। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक जिलेभर में स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े बड़े स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों तक स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी की गई है। अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” रखी गई है।
स्कूलों से शुरू होगा स्वच्छता का संदेश
अभियान के पहले चरण में विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैली, चित्रकला, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा रिड्यूस, रीयूज़ और रीसाइकिल (3R) के महत्व की जानकारी दी जाएगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 को लेकर भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
बाजार, बस अड्डे और घाट भी होंगे अभियान के केंद्र
अभियान के दौरान स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTUs), सार्वजनिक शौचालयों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों, नदी घाटों, अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों के स्तर पर श्रमदान कार्यक्रम होंगे। स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मंडलों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
23 से 26 सितंबर तक घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश
23 से 26 सितंबर तक विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन, प्लास्टिक मुक्त बाजार, गीले-सूखे कचरे के अलगाव और कम्पोस्ट निर्माण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान “कूड़े से कला”, “स्वच्छ खेल-खेल” प्रतियोगिता, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला और Legacy Waste के निस्तारण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी विशेष फोकस
27 से 30 सितंबर तक जिले के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता कॉम्प्लेक्स की सफाई, स्वच्छता संवाद, सफाई मित्र सम्मान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा उपकरण वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों और सफाई मित्रों का सम्मान भी किया जाएगा। विभिन्न विभागों की टीमें सामूहिक श्रमदान के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर होगा बड़ा श्रमदान अभियान
अभियान का विशेष चरण 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर आयोजित होगा। इस अवसर पर जिलेभर में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान किया जाएगा। इसके साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
हर गतिविधि की होगी निगरानी, पोर्टल पर अपलोड होगी रिपोर्ट
प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक कार्यक्रम की फोटो और रिपोर्ट समयबद्ध रूप से “स्वच्छता ही सेवा” पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य केवल सफाई अभियान तक सीमित न रहकर स्वच्छता को नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है, ताकि हरिद्वार को स्वच्छता और जनभागीदारी के मामले में और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।