शिवालिक नगर में कुंभ की तैयारियों का बड़ा जायजा, मेलाधिकारी सोनिका एक्शन मोड में
पुल-सड़क से लेकर पार्किंग और चौराहों तक की परखी हकीकत, अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने के कड़े निर्देश
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को लेकर मेला प्रशासन अब तैयारियों को जमीन पर रफ्तार देने में जुट गया है। बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शिवालिक नगर क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर कुंभ से जुड़ी निर्माण एवं विकास योजनाओं की प्रगति की हकीकत परखी। पुल और सड़क निर्माण से लेकर चौराहों के सुधार, पार्किंग, सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं तक की व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया गया।
मेलाधिकारी के निरीक्षण से संबंधित विभागों में भी तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें।
सिर्फ कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए तैयारी
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में केवल मुख्य मेला क्षेत्र ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े प्रमुख मार्गों और आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी मजबूत एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क, पुल, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए।
स्थानीय लोगों से सीधे लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा तथा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया। क्षेत्र में कुंभ के दौरान संभावित आवश्यकताओं और जन-सुविधाओं को लेकर सुझाव लिए गए।
मेलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों से मिलने वाले सुझाव व्यवस्थाओं को अधिक व्यवहारिक और उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
विभागों के बीच तालमेल पर खास जोर
मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कुंभ से जुड़े सभी कार्यों में लगातार आपसी समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा के साथ गुणवत्ता और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच शिवालिक नगर का यह निरीक्षण इस बात का संकेत है कि मेला प्रशासन अब योजनाओं को धरातल पर उतारने और निर्धारित समय में पूरा कराने पर विशेष फोकस कर रहा है।
इस अवसर पर एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, एचआरडीए उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।