लघु रोजगार मेले में युवाओं पर टूटा नौकरी का ‘दरवाजा’, 14 को मिली नौकरी!
सिडकुल की 9 कंपनियां पहुंचीं—93 युवाओं ने आजमाया भाग्य, 24 शॉर्टलिस्ट, 14 का हुआ अंतिम चयन
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से बुधवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जगजीतपुर में आयोजित लघु रोजगार मेले ने युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल दिए। सिडकुल हरिद्वार की 9 प्रतिष्ठित कंपनियों ने मेले में पहुंचकर युवाओं के साक्षात्कार लिए।
रोजगार की तलाश में 93 अभ्यर्थी मेले में पहुंचे और विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 24 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि अंतिम चरण में 14 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया।
सुबह 10 बजे शुरू हुए रोजगार मेले में युवाओं में नौकरी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर विभिन्न कंपनियों में अवसर हासिल करने के लिए साक्षात्कार दिए।
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म
जिला सेवायोजन कार्यालय की यह पहल स्थानीय युवाओं को सीधे निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही। मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों के समक्ष अपनी योग्यता प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समय-समय पर आयोजित होने वाले रोजगार मेलों और सेवायोजन विभाग की गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें, ताकि उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाया जा सके।
93 युवाओं की भागीदारी और 14 युवाओं के चयन ने साफ कर दिया कि स्थानीय स्तर पर आयोजित रोजगार मेले युवाओं को नौकरी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।