ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर हटाया अतिक्रमण, जलस्रोत की भूमि कराई मुक्त!

माधोपुर के जोहड़ पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप

रुड़की संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की। ग्राम माधोपुर स्थित जोहड़ की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट के निर्देश पर राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और चिन्हित अतिक्रमण को नियमानुसार हटाया।

कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर हलचल तेज हो गई। प्रशासनिक टीम ने जोहड़ की भूमि का निरीक्षण कर सार्वजनिक एवं जल निकाय की जमीन की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद चिन्हित किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।

जोहड़-तालाब की जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जलस्रोतों की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना प्राथमिकता है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोहड़, तालाब और अन्य जलस्रोतों की भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न होने पाए।

अतिक्रमण हटाने के बाद भी क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर दोबारा कब्जे की स्थिति पैदा न हो।

जलस्रोतों पर प्रशासन की पैनी नजर

जोहड़ और तालाब केवल जमीन का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्षा जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के महत्वपूर्ण पारंपरिक साधन हैं। ऐसे में इनकी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

माधोपुर में हुई कार्रवाई से यह संकेत साफ है कि सार्वजनिक भूमि और जल निकायों पर किए गए अतिक्रमण के मामलों में प्रशासन कार्रवाई जारी रखेगा। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों और मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान संबंधित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185