हरिद्वार में आज से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज
18 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, विकसित भारत–2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी सेवा, सुशासन, स्वच्छता और स्वास्थ्य के साथ जनभागीदारी पर रहेगा जोर
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। विकसित भारत–2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं को आम नागरिकों से जोड़ने के लिए हरिद्वार जनपद में आज 17 सितम्बर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होगा। अभियान 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले अभियान के सफल संचालन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन ने तय कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
आज ‘आशीर्वाद का दीया’, फिर पूरे महीने कार्यक्रमों की धूम
अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। अमृत सरोवरों, जन औषधि केन्द्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन कर सामाजिक सहभागिता और सेवा का संदेश दिया जाएगा।
17 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विकसित भारत–2047 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
गांव से स्कूल तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान
शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के जरिए आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से जुड़ी जानकारी देंगी।
वहीं ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियां, भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के जरिए साझा की जाएंगी।
सेवा ज्योति कलश यात्रा बनेगी अभियान का प्रमुख आकर्षण
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। विकसित भारत–2047 के संकल्प का प्रतीक कलश प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
तहसील और ब्लॉक स्तर पर लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत तहसील एवं विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविर, बहुउद्देशीय शिविर और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभार्थी शिविर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
गांधी जयंती पर खादी और लोकल उत्पादों का संदेश
2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी और खादी अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही Fit India Movement के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, योग, दौड़, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
रोजाना रिपोर्टिंग पर प्रशासन की नजर
अभियान को लेकर प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था भी सख्त रखी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी नामित नोडल अधिकारियों को 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक आयोजित कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सूचना एवं लोक सम्पर्क, पर्यटन, धर्मस्व, पंचायती राज, शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगर निकाय सहित विभिन्न विभाग अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है।