ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

कार, रैली निकालकर दिया साफ-सफाई का संदेश!

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में श्री सिद्धिविनायक फेज-3 के लोगों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को गंदगी से मुक्त रखने की अपील!

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत ग्राम पंचायत सलेमपुर स्थित श्री सिद्धिविनायक फेज-3 में रविवार को स्वच्छता को लेकर जोरदार जनजागरूकता अभियान चलाया गया। माँ भवानी स्वच्छता समिति के नेतृत्व में निकली स्वच्छता रैली ने क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर लोगों को जागरूक किया और स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया।

स्वच्छता रैली में समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, कूड़े को निर्धारित स्थान अथवा डस्टबिन में डालने और घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने की अपील की गई।

रैली में “स्वच्छता ही सेवा है”, “गंदगी जानलेवा है”, “स्वच्छता अपनाओ, देश बचाओ” और “स्वच्छ मोहल्ला, स्वस्थ परिवार” जैसे नारों से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान समिति सदस्यों ने स्पष्ट संदेश दिया कि केवल प्रशासन के भरोसे स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता, बल्कि इसमें हर नागरिक की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

साफ-सफाई सिर्फ अभियान नहीं, जिम्मेदारी बने

जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए। घर से निकलने वाले कूड़े का उचित निस्तारण करने और गलियों, सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने का आह्वान किया गया।

स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

माँ भवानी स्वच्छता समिति के इस अभियान से क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर जागरूकता का माहौल बना और लोगों ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सलेमपुर के निर्माण में सहयोग का भरोसा दिलाया।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185