ब्रेकिंग
ब्रेकिंग उत्तराखंड

गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा सिविल लाइंस!

श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में पाँच दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य समापन, नगर भ्रमण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रूडकी संवाददाता | आसिफ खान

रूडकी/सिविल लाइंस। श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर, सिविल लाइंस में श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय श्री गणेश उत्सव का भव्य समापन धार्मिक आस्था, उल्लास और वैदिक परंपराओं के बीच हुआ। समापन अवसर पर भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र

भगवान श्री गणेश के आकर्षक श्रृंगार के साथ शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गजानन का स्वागत किया। लोगों ने आरती उतारकर भगवान श्री गणेश के दर्शन किए। ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।

विसर्जन नहीं, गंगाजल से अभिषेक का दिया संदेश

उत्सव की विशेष बात यह रही कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का पारंपरिक जल विसर्जन नहीं किया गया। पर्यावरण संरक्षण और पवित्र नदियों की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा का गंगाजल से पवित्र स्नान एवं अभिषेक कराया गया और मंदिर प्रांगण में ही प्रतिमा को ससम्मान स्थापित किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा मंदिर परिसर

आचार्य सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में विद्वान पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल से भगवान श्री गणेश का अभिषेक किया गया और पाँच दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

पदाधिकारियों ने जताया आभार

सभा के प्रधान सोहन लाल मित्तल ने कहा कि पाँच दिनों तक भगवान श्री गणेश की आराधना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय रहा। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों का आभार जताया।

सभा के मंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। नगर भ्रमण में नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी सराहनीय रही।

प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: सौरभ भूषण शर्मा, सोहन लाल मित्तल, नवीन अग्रवाल, अनुज शर्मा, रोहित शर्मा एवं आचार्य सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185