ब्रेकिंग
ब्रेकिंग उत्तराखंड

चार साल बाद भी गूंज रहा सवाल—अंकिता को पूरा न्याय कब?

चौथी पुण्यतिथि पर अशोक नगर में निकला मौन जुलूस, कथित VIP का नाम सार्वजनिक करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की उठी मांग

रुड़की संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को अशोक नगर क्षेत्र में न्याय की आवाज एक बार फिर बुलंद हुई। अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में शिव चौक बुचड़ी फाटक से मौन जुलूस निकाला गया। हाथों में न्याय की मांग और चेहरे पर गम लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुलूस में शामिल हुए।

मौन जुलूस शिव चौक बुचड़ी फाटक से शुरू होकर प्राचीन शिव मंदिर ढंडेरा और शिवालिक पब्लिक स्कूल होते हुए वापस शिव चौक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आए कथित VIP एंगल की निष्पक्ष जांच, संबंधित नाम को सार्वजनिक करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

“न्याय मिलने तक संघर्ष रहेगा जारी”

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बेटी का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जीवांनद बुडाकोटी ने कहा कि देवभूमि में ऐसी घटना होना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि न्याय के सवाल पर सभी लोगों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आवाज बुलंद करनी चाहिए।

राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत समेत अन्य वक्ताओं ने भी मामले में शीघ्र न्याय की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलने और मामले से जुड़े लंबित सवालों के स्पष्ट जवाब सामने आने तक जनआवाज जारी रहनी चाहिए।

CBI से कार्रवाई तेज करने की मांग

प्रदर्शनकारियों की ओर से सीबीआई के केंद्रीय निदेशक एवं उत्तराखंड प्रभारी, देहरादून के नाम ज्ञापन भेजकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। खासतौर पर कथित VIP एंगल की जांच और उससे जुड़े सवालों पर स्पष्टता की मांग उठाई गई।

अंकिता मामले के VIP एंगल को लेकर 2026 में भी सार्वजनिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। जनवरी 2026 में उत्तराखंड सरकार ने VIP कोण की जांच के लिए केंद्र से CBI जांच का औपचारिक अनुरोध किया था, जबकि फरवरी में CBI द्वारा इस कोण की जांच शुरू किए जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।

मोमबत्तियों की रोशनी में अंकिता को श्रद्धांजलि

मौन जुलूस के समापन पर शिव चौक में मोमबत्तियां जलाकर अंकिता भंडारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अंकिता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और न्याय की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान देव सिंह सावंत, सुशील रावत, अनिल उप्रेती, शकुंतला सती, उदय सिंह पुंडीर, रीतू कंडियाल जुयाल और सुरेश कुकरेती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

चार साल बाद भी सवाल कायम

अंकिता भंडारी हत्याकांड के चार वर्ष पूरे होने के बाद भी कथित VIP एंगल को लेकर सार्वजनिक बहस और न्याय की मांग जारी है। 18 सितंबर 2026 को देहरादून समेत उत्तराखंड के कई हिस्सों में संगठनों ने प्रदर्शन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर इस मुद्दे को फिर उठाया।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185