कुंभ तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं!
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को लगाई सख्त फटकार—समयसीमा चूकी तो तय होगी जवाबदेही, गुणवत्ता में कमी मिली तो कार्रवाई पेयजल-सीवर और भूमिगत केबलिंग से उखड़ी सड़कें तत्काल होंगी दुरुस्त, दोबारा खुदाई रोकने के लिए पहले पूरे होंगे सभी यूटिलिटी कार्य
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अब निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी स्वीकृत कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सड़क, पुल, घाट और अन्य अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में चल रहे प्रत्येक निर्माण का सीधा संबंध श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन से है। ऐसे में केवल काम पूरा करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप होना जरूरी है।
सड़कें खोदने से पहले पूरा करो अपना काम!
पेयजल, सीवर लाइन और भूमिगत केबलिंग के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मेलाधिकारी ने विशेष सख्ती दिखाई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मरम्मत के बाद सड़क दोबारा न धंसे।
इतना ही नहीं, मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर संबंधित अधिकारियों से लिखित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मेलाधिकारी ने साफ किया कि कुंभ मेला क्षेत्र में सड़क नवीनीकरण शुरू होने से पहले पेयजल, सीवर और भूमिगत केबलिंग से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं, ताकि बाद में तैयार सड़कों को फिर से खोदने की नौबत न आए।
कुंभ तक नए सीवरेज कार्यों पर रोक
हरिद्वार में कुंभ मेला संपन्न होने तक सीवरेज योजना से जुड़े नए कार्य प्रारंभ नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और वर्षाकाल के कारण जिन सीवरेज कार्यों को रोका गया था, उन्हें अब तेजी से पूरा करने को कहा गया है। इन कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों को भी तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
फायर हाइड्रेंट से लेकर सप्तऋषि तक फोकस
अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फायर हाइड्रेंट की स्थापना और मरम्मत से जुड़े कार्यों को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। वहीं सप्तऋषि क्षेत्र में सड़क सुधार, सीवर लाइन की समस्याओं और जलभराव से निपटने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा, सुविधा और दिशा-निर्देशन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक रोड फर्नीचर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रुड़की-मंगलौर बस अड्डों पर भी तेजी
कुंभ की यातायात व्यवस्था को देखते हुए रुड़की और मंगलौर बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अस्थायी बस अड्डों और पार्किंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को आगामी 15 दिसंबर तक पूरा करने को कहा गया है।
इसके अलावा मेला शिविरों के लिए निर्धारित भूमि की ड्रेसिंग और लेवलिंग की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई और संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था में भी गुणवत्ता की जांच
स्वच्छता और सैनिटेशन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर निगम के लिए स्वीकृत उपकरणों और वाहनों की आपूर्ति के बाद उनकी गुणवत्ता की जांच विशेषज्ञ विभागों से कराने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और वाहन निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरें, इसे सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक
बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीआईयू प्रवीण कुश, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।