किच्छा विधायक प्रकरण पर गरजा पंजाबी खत्री समाज!
कथित मारपीट और अभद्रता की निष्पक्ष जांच की मांग, एसडीएम के जरिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन “जनप्रतिनिधि हो या आम नागरिक—कानून सबके लिए बराबर, दोषियों पर हो नियमानुसार कार्रवाई”
रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की । किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर रुड़की में अखिल भारतीय पंजाबी खत्री स्वयं सेवक संघ की आवाज बुलंद हुई। संगठन की रुड़की इकाई ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग उठाई है।
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी रुड़की के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि पूरे प्रकरण की जांच किसी भी दबाव से मुक्त होकर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जानी चाहिए तथा घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
संरक्षक प्रमोद जोहर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान और सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी जनप्रतिनिधि के साथ अभद्रता या हिंसा की घटना सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और कार्रवाई तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।
संरक्षक प्रदीप सचदेवा ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की आवाज होते हैं। उनके साथ होने वाली किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे घटनाक्रम में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जाए और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संरक्षक सुनील साहनी ने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। संगठन की मांग केवल लोकतांत्रिक मर्यादा, कानून के शासन और नागरिक सुरक्षा को लेकर है। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
अध्यक्ष पंकज नंदा ने कहा कि अखिल भारतीय पंजाबी खत्री स्वयं सेवक संघ रुड़की इकाई घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका सामने लाई जाए। दूसरी, जांच में जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाएं, उनके विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पंकज नंदा ने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक विवाद को हवा देना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा, जनप्रतिनिधियों के सम्मान और कानून-व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत करना है।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में जगदीश मेहंदी रत्ता, राजीव ग्रोवर, राजा नरूला, संजीव मेहंदी रत्ता, किरण भाटिया, इंदर बधान, सार्थक छाबड़ा सहित पंजाबी समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के सम्मानित लोग मौजूद रहे।