बारिश की बौछारों पर भारी पड़ी आस्था, गणपति बिहार में गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे!
गणेश चौक से निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा, बरसते पानी में भी नाचती-गाती आगे बढ़ीं महिलाएं।
रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। गणपति बिहार, गणेशपुर में रविवार को भक्ति और आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने बारिश की तमाम बाधाओं को भी पीछे छोड़ दिया। श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा में बरसते पानी के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर नजर आया। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों पर नाचती-गाती और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाती हुई शोभायात्रा में शामिल हुईं।
गणपति बिहार से शुरू हुई कलश एवं शोभायात्रा गणेश चौक तक पहुंची और धार्मिक वातावरण के बीच वापस कथा पंडाल पहुंची। बारिश लगातार होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। महिलाओं के चेहरे पर भक्ति का उत्साह और वातावरण में गूंजते जयकारे आयोजन को खास बनाते रहे।

आयोजन में पूर्व मेयर प्रत्याशी एवं समाजसेविका पूजा गुप्ता ने भी सहभागिता की। उन्होंने आयोजन में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गणपति बिहार, सुभाष नगर, सेक्टर रोड और शाकुंतला क्षेत्र के लोगों ने धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही रुड़की शहर के सुख-समृद्धि से भरपूर रहने की प्रार्थना की।

पूजा गुप्ता ने कहा कि बारिश आस्था की राह में बाधा नहीं बन सकी। महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और भक्ति गीतों के बीच वे लगातार कलश यात्रा में आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आपस में जोड़ने के साथ-साथ लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं।

वहीं सचिन गुप्ता ने बताया कि कलश एवं शोभायात्रा गणेश चौक से होते हुए वापस कथा पंडाल पहुंची। उन्होंने बताया कि दोपहर तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत वाचन शुरू होगा और कथा का आयोजन 3 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की।
जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतों, जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। बरसते पानी के बीच निकली कलश यात्रा ने यह संदेश दिया कि मौसम की चुनौती भी श्रद्धा और भक्ति के उत्साह को कमजोर नहीं कर सकती। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्ति का माहौल पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।