पनियाला में हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष पर फायरिंग का आरोप!
गोली लगने से विशाल चौहान गंभीर, हायर सेंटर रेफर—वारदात के बाद गंगनहर कोतवाली में उमड़ा हिंदू संगठनों का हुजूम
रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मारे जाने का मामला सामने आया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल विशाल चौहान को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि विशाल चौहान गंगनहर कोतवाली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियाला गांव के पास उन पर गोली चलाए जाने का आरोप है। घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गंगनहर कोतवाली पहुंच गए और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से जानकारी ली।
एक दिन पहले मारपीट का भी आरोप
घटना को लेकर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी भीम आर्मी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल चौहान के साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कोतवाली में बढ़ी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
गोलीकांड की सूचना के बाद गंगनहर कोतवाली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सवालों के घेरे में वारदात, पुलिस जांच पर टिकी नजर
पनियाला में हुई इस वारदात के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक दिन पहले मारपीट और उसके बाद गोली चलने के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि फायरिंग की घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, गोली किसने चलाई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।