कुंभ-2027 में हरिद्वार के घाटों का बदलेगा चेहरा!
गंगा तटों पर उतरेगी ‘ग्रीन घाट’ की परिकल्पना, नीदरलैंड के विशेषज्ञों ने किया आस्था पथ और प्रस्तावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां अब केवल अवस्थापना विकास तक सीमित नहीं रह गई हैं। गंगा तटों को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल स्वरूप देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के तत्वावधान में नीदरलैंड के तकनीकी विशेषज्ञों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर आस्था पथ और प्रस्तावित ‘ग्रीन घाट’ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
कुंभ की तैयारियों के बीच गंगा घाटों को नया पर्यावरणीय स्वरूप देने की यह पहल आने वाले समय में हरिद्वार के नदी तट की तस्वीर बदल सकती है। प्रस्तावित योजना के तहत गंगा किनारे हरित आवरण विकसित करने के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सार्वजनिक क्षेत्र तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ पर फोकस
हरकी पैड़ी को जोड़ने वाले धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार की योजना को इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। आस्था पथ से जुड़े गंगा घाटों को भी ‘ग्रीन घाट’ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्र में हरित वातावरण के साथ स्वच्छता और पर्यावरणीय सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
भारत-नीदरलैंड तकनीकी सहयोग से आगे बढ़ेगी योजना
ग्रीन घाट की इस अवधारणा को भारत और नीदरलैंड की साझेदारी के तहत संचालित शहरी नदी प्रबंधन कार्यक्रम के माध्यम से तकनीकी सहयोग मिल रहा है। नीदरलैंड के विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित क्षेत्र की परिस्थितियों, नदी तट से जुड़े पहलुओं और परियोजना की संभावनाओं का जायजा लिया।
मेला नियंत्रण भवन में मेलाधिकारी से मुलाकात
स्थलीय निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मेला नियंत्रण भवन में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका से मुलाकात कर परियोजना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। मेलाधिकारी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ गंगा तटों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस दौरान नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार ने भी ग्रीन घाट परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखी।
विशेषज्ञों ने परखी जमीनी हकीकत
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित ग्रीन घाट क्षेत्र की जमीनी स्थिति को समझने के साथ परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और पर्यावरणीय पहलुओं पर जानकारी जुटाई। कुंभ-2027 के मद्देनजर यह कवायद गंगा तटों को अधिक व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में नई दिल्ली स्थित नीदरलैंड दूतावास के नामित प्रतिनिधि (जल) मॉरित्स बोसमैन, नीदरलैंड के जल प्रबंधन मंत्रालय के कार्यक्रम प्रबंधक सेन्डर कारपेज, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के प्रतिनिधि जय दिघे एवं पंकज रावत शामिल रहे।
कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच अब गंगा तटों पर विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का मॉडल तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ चुका है। ग्रीन घाट की अवधारणा धरातल पर उतरती है तो हरिद्वार के घाटों को एक नया हरित और पर्यावरणीय स्वरूप मिल सकता है।