ब्रेकिंग
ब्रेकिंग उत्तराखंड

उत्तर हरकी पैड़ी विकास कार्यों पर अपर मेलाधिकारी की सख्ती! सड़क की सतह खुदवाकर कराई गुणवत्ता जांच, GSB में मिट्टी की अधिक मात्रा मिलने पर मचा हड़कंप—लापरवाही पर TPI एजेंसी भी कार्रवाई के घेरे

STAR NEWS 11 EXCLUSIVE

सडक की सतह खुदवाकर गुणवत्ता की जाँच करते अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच उत्तर हरकी पैड़ी विकास परियोजना में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मेला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ पंतद्वीप क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए मौके पर ही सड़क की बिछाई गई सतह की खुदाई कराई गई। जांच में GSB में प्रथम दृष्टया मिट्टी की मात्रा अधिक पाए जाने पर अधिकारियों को गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सड़क की परत खुदवाई, गुणवत्ता जांच के दिए आदेश

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उसकी परतों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए मौके पर खुदाई कराई। सतह निर्माण में इस्तेमाल GSB में मिट्टी की मात्रा अधिक पाए जाने पर उन्होंने तृतीय पक्ष निरीक्षण यानी TPI के लिए नियुक्त एजेंसी को गंभीरता से जांच करने की हिदायत दी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि TPI एजेंसी अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

गुणवत्ता से समझौता हुआ तो कार्यदायी संस्था पर गिरेगी गाज

अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही सामग्री का प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए तैयार किए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी अथवा गुणवत्ता में कमी सामने आने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा।

टॉयलेट ब्लॉक, घाट और पाइपलाइन कार्यों की भी पड़ताल

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने निर्माणाधीन टॉयलेट ब्लॉक का जायजा लिया। उन्होंने कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण क्षेत्र में आ रही पाइपलाइन को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

घाटों के मरम्मत एवं पुनरोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने टाइल्स को सही ढंग से लगाने और रेलिंग को मजबूती एवं गुणवत्ता के साथ स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं।

कुंभ से पहले अधूरे कार्यों पर प्रशासन की नजर

अपर मेलाधिकारी ने कहा कि उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र कुंभ मेले के दौरान महत्वपूर्ण शिविरों और विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहता है। ऐसे में यहां चल रहे सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

इन कार्यों को मिलनी है रफ्तार

यूआईआईडीबी के माध्यम से संचालित उत्तर हरकी पैड़ी विकास परियोजना का निर्माण कार्य यूपीडीसीसी द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत घाटों का पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन क्षेत्र, वेंडिंग जोन, वॉकवे, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, विद्युत कार्य तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक जनसुविधाओं का विकास प्रस्तावित है।

परियोजना में पंतद्वीप, चमगादड़ टापू और आसपास के घाटों को भी शामिल किया गया है। कुंभ मेला-2027 से पहले इन कार्यों को पूरा करने की चुनौती के बीच अब निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति पर प्रशासन की सीधी नजर बनी हुई है।

निरीक्षण के दौरान तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार, विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185