डेयरी की आड़ में कथित अवैध स्लाटर हाउस का खुलासा, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
260 किलो प्रतिबंधित मांस और कटान के उपकरण बरामद, पांच संरक्षित पशु मुक्त; तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
रूडकी/मंगलौर संवाददाता | आसिफ खान
मंगलौर। मुंडलाना रोड पर पानी की टंकी के पास दूध की डेयरी की आड़ में कथित रूप से संचालित किए जा रहे अवैध स्लाटर हाउस की सूचना पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से करीब 260 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और पांच जिंदा संरक्षित पशु बरामद हुए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि डेयरी मालिक समेत तीन आरोपी पुलिस की कार्रवाई से पहले फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर अचानक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मुंडलाना रोड स्थित डेयरी पर औचक दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान कथित कटान से संबंधित सामग्री, करीब 260 किलो प्रतिबंधित मांस और कटान के उपकरण बरामद किए गए। मौके पर मौजूद पांच संरक्षित पशुओं को पुलिस ने सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश तेज
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी के मुताबिक मामले में गुलजार निवासी मिर्दगान, शरजुल निवासी टोली और शेर अली निवासी इस्लामनगर मंगलौर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं नावेद निवासी भगवानपुर चंदनपुर, आशू उर्फ आस मोहम्मद निवासी मलानपुरा और अज्जू उर्फ रईश खान निवासी मिर्दगान मंगलौर फरार बताए गए हैं।
फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश
पुलिस ने बरामद मांस, उपकरण और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद डेयरी की आड़ में कथित रूप से चल रही गतिविधियों को लेकर इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है। अब पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि कथित अवैध कटान का संचालन कितने समय से किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।