पुलिस टीम पर जानलेवा हमले की कोशिश, मुठभेड़ में दो गोतस्कर दबोचे!
टांडा भनेड़ा के जंगल में गोकशी की सूचना पर छापा—अंधेरे का फायदा उठाकर छह आरोपी फरार, 370 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद
रूडकी/मंगलौर संवाददाता | आसिफ खान
मंगलौर। टांडा भनेड़ा के जंगल में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची गौवंश संरक्षण स्क्वाड और पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला करने का प्रयास कर दिया। बुधवार शाम हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो कथित गोतस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर छह आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 370 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, पशुओं के अवशेष, धारदार हथियार और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
छापेमारी होते ही मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक गौवंश संरक्षण स्क्वाड को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टांडा भनेड़ा के जंगल में एक खेत के भीतर गोकशी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की। टीम को देखते ही वहां मौजूद आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई।
आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर चाकू और छूरियों से हमला करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान तीन आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि छह अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
370 किलो मांस और गोकशी के उपकरण मिले
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 370 किलो प्रतिबंधित मांस, पशुओं के अवशेष तथा गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले धारदार हथियार और अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर प्रतिबंधित मांस को सील कर दिया है।
आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
गौवंश संरक्षण स्क्वाड के उपनिरीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार छह आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। मामले में बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।